दिल्ली निकाय चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत की ओर (लीड-5)

नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता में काबिज होने जा रही है, जबकि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ रहा है।

दिल्ली निर्वाचन आयोग के मुताबिक, भाजपा ने अभी तक 143 सीटें जीती हैं और वह 31 सीटों पर आगे चल रही है। आम आदमी पार्टी (आप) ने 35 वार्डो में जीत हासिल कर ली है, जबकि वह 16 पर आगे चल रही है। कांग्रेस ने सिर्फ 22 सीटें जीती हैं और वह चार सीटों पर आगे चल रही है।

पूर्वी दिल्ली नगर निगम में भाजपा ने अभी तक 37 वार्ड में जीत दर्ज की है और वह नौ वार्ड में आगे है। दक्षिण नगर निगम में पार्टी ने 53 वार्ड जीत लिए हैं, जबकि 12 में आगे है। उत्तर दिल्ली नगर निगम में पार्टी ने 53 वार्ड जीत लिए हैं, जबकि 10 पर वह आगे है।

भाजपा ने इस जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्रेय दिया है, जबकि आप ने एक बार फिर ईवीएम में छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।

एमसीडी चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष अजय माकन ने पद से इस्तीफे की पेशकश की है, जबकि पार्टी की दिग्गज नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने पार्टी की हार के लिए स्थानीय नेताओं को जिम्मेदार ठहराया है।

वहीं, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री व आप नेता मनीष सिसोदिया ने चुनाव परिणामों के लिए ‘ईवीएम में छेड़छाड़’ को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, “ईवीएम में छेड़छाड़ के बिना ऐसी बड़ी जीत संभव नहीं है।”

उन्होंने कहा कि यह ‘अविश्वसनीय’ है कि भाजपा एमसीडी की सत्ता में पिछले 10 साल से काबिज रहने के बावजूद इतनी बड़ी जीत के साथ वापसी करे, वह भी तब जबकि उसने शहर के लिए कुछ भी ठोस नहीं किया।

आप की चांदनी चौक से विधायक अलका लांबा ने पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देने की पेशकश की है।

भाजपा ने हालांकि ईवीएम में गड़बड़ी के आप के आरोपों का खंडन किया है। केंद्रीय मंत्री एम.वेंकैया नायडू ने कहा कि आप राष्ट्र का मूड समझने में विफल रही।

नायडू ने कहा, “केजरीवाल काम करने के लिए तैयार नहीं थे। वह केंद्र सरकार के साथ काम नहीं करना चाहते। वह देश का मूड समझ नहीं पाए। देश का मूड ‘मोदी’ हैं।”

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने एमसीडी चुनाव में पार्टी के शानदार प्रदर्शन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन साल के कार्यकाल की जीत बताया।

मोदी ने इस प्रचंड जीत के लिए दिल्ली के लोगों के प्रति आभार जताया।

दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि पार्टी जीत का जश्न नहीं मनाएगी, क्योंकि यह जीत छत्तीसगढ़ के सुकमा में शहीद हुए सीआरपीएफ के 25 जवानों को समर्पित है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493