उप्र : पत्रकार पर टिप्पणी पर अखिलेश ने सफाई दी

लखनऊ , 26 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को एक पत्रकार पर की गई अपनी टिप्पणी का बुधवार को बचाव किया और कहा कि पत्रकार ने जो सवाल किया था, वह अच्छा नहीं था। सवाल पूछने वाले पहले सपा का संविधान पढ़ें।

अखिलेश ने पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही।

एक वरिष्ठ टीवी संवाददाता पर मंगलवार को अखिलेश द्वारा की गई तल्ख टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “पत्रकार ने जो सवाल किया था, वह अच्छा नहीं था। वह कुछ जानते ही नहीं हैं मेरे बारे में। एक वरिष्ठ पत्रकार ने मुझसे कहा कि आपके घर का झगड़ा टीवी चैनलों पर बहुत ज्यादा चल गया, जिसकी वजह से चुनाव में सपा की हार हुई।”

सपा के वरिष्ठ नेता एवं विधायक शिवपाल सिंह यादव कह रहे हैं कि अखिलेश को चुनाव के बाद अपने वादे के मुताबिक सपा अध्यक्ष पद छोड़ देना चाहिए। इस पर अखिलेश ने कहा, “आप हमारी पार्टी का संविधान पढ़ लें, चुनाव आयोग का संविधान पढ़ लें, फिर सवाल करें।”

हालांकि कल इसी सवाल पर अखिलेश ने एक टीवी चैनल के वरिष्ठ संवाददाता पर बेहद तल्ख टिप्पणी की थी और कहा था, “तुम्हारे जैसे लोगों की वजह से ही देश बर्बाद हो रहा है।”

बहरहाल, अखिलेश ने बुधवार को भी मीडिया पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि उनकी “सरकार के कार्यकाल में होने वाली किसी भी घटना की खबर को टीवी पर उनकी तस्वीर के साथ दिखाया जाता था। क्या अब आप में से किसी की हिम्मत है कि मौजूदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर लगाकर खबर दिखा दें।”

उन्होंने कहा, “सहारनपुर में दंगा हुआ, इलाहाबाद में एक परिवार की हत्या की गई और प्रतापगढ़ में एक वकील का कत्ल हो गया। क्या ये खबरें मुख्यमंत्री की तस्वीर के साथ दिखाई गईं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493