औरंगाबाद (बिहार), 26 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र में रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक घटना प्रकाश में आई है। एक पिता ने अपनी छह वर्षीय पुत्री की गला दबाकर हत्या कर दी और सबूत छिपाने के लिए घर के समीप जमीन में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया।
पुलिस के अनुसार, मदाड़पुर गांव निवासी रधेश भुईयां ने मंगलवार शाम अपनी छह वर्षीय बेटी रूपा को शराब लाने को कहा। जब रूपा ने शराब लाने से इंकार किया तो नाराज पिता ने उसकी जमकर पिटाई कर दी और बाद में उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद सबूत छिपाने के लिए उसने गांव के बाहर एक नदी के किनारे जमीन में गड्ढा खोदकर उसमें अपनी मासूम पुत्री के शव को दफना दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि रधेश को शराब पीने की लत थी। मंगलवार को भी शराब के कारण ही रधेश का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था और उसने पत्नी की जमकर पिटाई की थी। इसके बाद पत्नी कहीं काम करने चली गई थी।
मदनपुर के थाना प्रभारी सुभाष राय ने बुधवार को बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्र से बाहर निकाल लिया है। उन्होंने कहा कि मृतका की मां सरिता देवी के बयान पर हत्या की एक प्राथमिकी मदनपुर थाने में दर्ज कर ली गई है तथा पुलिस ने तुरंत कारवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
उल्लेखनीय है कि बिहार में पिछले साल अप्रैल से पूर्ण शराबबंदी लागू है।
dharmpath.com dharmpath