छग : जंगलों में ‘हरे सोने’ की आवक शुरू

रायपुर, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के जंगलों में ‘हरे सोने’ के नाम से प्रसिद्ध तेन्दू के पत्ते की आवक शुरू हो गई है। इसके संग्रहण कार्य में लगभग 13 लाख 60 हजार ग्रामीण परिवारों को गर्मियों में हर साल मौसमी रोजगार मिलता है और उनको अतिरिक्त आमदनी भी होती है।

ये परिवार तेन्दूपत्ता संग्राहक के रूप में राज्य की 901 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों में सदस्य के रूप में शामिल हैं। तेन्दूपत्ता संग्रहण कार्य इन समितियों के दस हजार 265 संग्रहण केन्द्रों में चल रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की घोषणा के अनुसार इस वर्ष तेन्दूपत्ता संग्राहकों को प्रति मानक बोरा 1800 रुपये का पारिश्रमिक मिलेगा, जो पिछले साल के मुकाबले 300 रुपये ज्यादा होगा। इससे समितियों के सदस्यों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। अब तक विभिन्न संग्रहण केन्द्रों में 40 हजार मानक बोरा पत्तों की आवक हो चुकी है।

राजधानी रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज व्यापार एवं विकास सहकारी संघ के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि पूरे प्रदेश में इस वर्ष तेन्दूपत्ता संग्राहकों को लगभग 300 करोड़ रुपये की मजदूरी का भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा उन्हें राज्य शासन द्वारा प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) भी दिया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में तेन्दूपत्ते के व्यापार से होने वाली आमदनी का 80 प्रतिशत हिस्सा प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के सदस्यों यानी तेन्दूपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) के रूप में दिया जाता है। वर्ष 2015 के 88 करोड़ 06 लाख रुपये के प्रोत्साहन पारिश्रमिक का वितरण विशेष अभियान चलाकर किया जा रहा है। यह कार्य इस महीने की 30 तारीख तक पूर्ण कर लिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ में गर्मियों में तेन्दूपत्ता संग्रहण सबसे पहले बस्तर इलाके में शुरू होता है। सबसे बाद में सरगुजा क्षेत्र में संग्रहण प्रारंभ होता है, जो जून माह के प्रथम सप्ताह तक चलता है।

अधिकारियों ने बताया कि तेन्दूपत्ते के अलावा प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों में न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के तहत इमली गुठली, महुआ बीज और लाख की भी खरीदारी की जा रही है। इसके बारे में ग्रामीणों को जानकारी देने के लिए गांवों में बैनर और पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं।

राज्य सरकार ने पिछले साल की तरह इस वर्ष भी इमली का समर्थन मूल्य 22 रुपये घोषित किया है। यह राष्ट्रीय स्तर पर केन्द्र द्वारा घोषित समर्थन मूल्य से चार रुपये ज्यादा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493