बर्लिन, 10 मई (आईएएनएस)। जर्मन लीग क्लब बोरूसिया डार्टमंड ने कहा है कि क्लब के दिग्गज गोलकीपर रोमान वीडेनफेलर ने क्लब के साथ अपने करार के विस्तार की स्वीकृति दे दी है।
डार्टमंड के साथ वीडेनफेलर के करार को एक साल और बढ़ाया गया है। इसके तहत वह जून, 2018 तक क्लब में बने रहेंगे।
क्लब के खेल निदेशक माइकल जोर्क ने कहा, “वीडेनफेलर एक दशक से भी अधिक समय तक डार्टमंड परिवार का अहम हिस्सा रहे हैं। हम इस बात से खुश हैं कि वह एक और साल क्लब में ही रहना चाहते हैं।”
इस साल अगस्त में वीडेनफेलर 37 साल के हो जाएंगे। वह डार्टमंड के सबसे पुराने खिलाड़ी हैं। वह पिछले 15 साल से क्लब के साथ खेल रहे हैं।
क्लब की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी एक बयान में वीडेनफेलर ने कहा, “मैंने एक साल और इस क्लब में रहने का फैसला किया है। मैं रोमान बुएर्की का समर्थन करना और युवा गोलकीपरों की मदद जारी रखूंगा।”
जर्मनी के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी ने डार्टमंड से जुड़ने के बाद अब तक क्लब के साथ कुल 353 मैच खेले हैं।
वर्तमान में जर्मन लीग सूची में डार्टमंड तीसरे स्थान पर है। शनिवार को होने वाले मैच में उसका सामना ऑग्सबर्ग से होगा।
dharmpath.com dharmpath