आईपीएल : फिंच का अर्धशतक, दिल्ली को 196 का लक्ष्य (लीड-1)

कानपुर, 10 मई (आईएएनएस)। एरॉन फिंच (69) और दिनेश कार्तिक (40) ने बेहतरीन पारियां खेल गुजरात लायंस को खराब शुरुआत से उबारते हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण में बुधवार को दिल्ली डेयरडेविल्स के सामने 196 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है।

ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में एक समय नाजुक स्थिति में दिख रही गुजरात ने फिंच और कार्तिक के दम पर निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर 195 रन बनाए।

बल्लेबाजी का आमंत्रण मिलने पर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात का रन औसत तो शुरू से ठीक रहा, लेकिन विकेट जल्दी गिर जाने से वह संकट में आ गई।

गुजरात ने सातवें ओवर तक 56 के कुल स्कोर पर ड्वायन स्मिथ (8), कप्तान सुरेश रैना (6) के साथ युवा बल्लेबाज ईशान किशन के रूप में तीन विकेट गंवा दिए थे।

स्मिथ और रैना एक छोर से संघर्ष करते दिखे लेकिन किशन ने दूसरे छोर से तेजी से रन बनाए और अपनी टीम के स्कोरबोर्ड को तेज रखा। उन्होंने 25 गेंदों में पांच चौके तथा एक छक्के की मदद से 35 रनों का पारी खेली।

किशन के जाने के बाद फिंच और कार्तिक ने चौथे विकेट के लिए 9.4 ओवरों में 9.51 की औसत से 92 रन जोड़े। कार्तिक अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए। 17वें ओवर की पहली गेंद पर कार्लोस ब्राथवेट ने उन्हें कोरी एंडरसन के हाथों कैच कराया। उन्होंने 28 गेंदों की पारी में चार चौके तथा एक छक्का लगाया।

अगली ही गेंद पर फिंच ने छक्का मार अपने पचास रन पूरे किए। इसी ओवर में रवींद्र जडेजा ने ब्राथवेट पर एक चौका और आखिरी गेंद पर फिंच ने भी चौका जड़ा। 39 गेंदों में चार छक्के और छह चौके लगाने के बाद फिंच 19वें ओवर में मोहम्मद शमी की गेंद पर बोल्ड हो गए।

जडेजा और जेम्स फॉल्कनर ने अंत में क्रमश: 13 और 14 रनों की नाबाद पारी खेल टीम को 195 के स्कोर तक पहुंचाया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493