जयपुर, 11 मई (आईएएनएस)। राजस्थान के भरतपुर में विवाह भवन की दीवार गिरने से घायल हुए दो अन्य लोगों ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है।
अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि मृतकों में आठ महिलाएं और चार बच्चे भी शामिल हैं।
भरतपुर के जिलाधिकारी नरेंद्र कुमार गुप्ता ने आईएएनएस से टेलीफोन पर बताया, “सेवार इलाके में बुधवार रात हुए हादसे में घायल हुए 30 लोगों में से दो की हालत जयपुर अस्पताल में गंभीर थी।”
पुलिस और जिला अधिकारियों ने बताया कि तूफान की वजह से दीवार गिरी, जिससे 22 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने बुधवार को ही बाद में दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने आईएएनएस से कहा कि राजस्थान के कुछ इलाकों में बुधवार रात आए तेज तूफान की वजह से दीवार गिरी।
जिस वक्त यह दुर्घटना हुई पीड़ित भोजन कर रहे थे।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, “मैं उस समारोह में था। कुछ लोग तेज हवा से बचने के लिए दीवार के पास खड़े हो गए थे। इसी बीच अचानक दीवार ढह गई, जिससे बहुत से दब गए।”
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
गंभीर रूप से घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है।
dharmpath.com dharmpath