कश्मीर : पाकिस्तान का संघर्ष विराम उल्लंघन, 2 नागरिकों की मौत

जम्मू, 13 मई (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान द्वारा शनिवार को किए गए संघर्ष विराम उल्लंघन का भारत ने मुंहतोड़ जवाब दिया। पाकिस्तानी गोलीबारी में दो नागरिकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

भारतीय सेना ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने हमले के लिए छोटे हथियारों व मोर्टार का इस्तेमाल किया, जिसका भारत ने समान क्षमता के हथियारों से जवाब दिया।

शनिवार शाम अंतिम रपट आने तक गोलीबारी जारी रही।

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष मेहता ने यहां आईएएनएस से कहा, “नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना ने बिना उकसावे के अंधाधुंध गोलाबारी की, जिसका हमारे जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। नौशेरा तथा राजौरी सेक्टर में तीन स्थानों पर गोलीबारी अभी भी जारी है।”

उन्होंने कहा कि सुबह 7.45 बजे पाकिस्तानी गोलीबारी में दो नागरिकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

राजौरी जिले के नागरिक प्रशासन ने नियंत्रण रेखा के आसपास मौजूद सभी स्कूलों को अगले आदेश तक बंद रखने की घोषणा की है।

पाकिस्तानी सैनिकों की अंधाधुंध गोलीबारी से नौशेरा सेक्टर के सीमांत गांवों के कम से कम 14 परिवार शुक्रवार को अपना घर छोड़कर भाग निकले।

शनिवार को कई ग्रामीणों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित जगह पर पनाह लेने के लिए जाते देखा गया।

प्रदेश की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने पाकिस्तानी गोलीबारी में नागरिकों की मौत पर खेद जताया और कहा कि युद्ध से कुछ हासिल नहीं होने वाला।

संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा, “संघर्ष और युद्ध से किसी भी समस्या का समाधान नहीं होगा। हम इस रुख पर बरकरार हैं कि भारत तथा पाकिस्तान को शांति के लिए साथ मिलकर काम करना चाहिए, टकराव के लिए नहीं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493