बच्चों को सड़क सुरक्षा के गुर सिखाने के लिए कैंप

नई दिल्ली, 15 मई (आईएएनएस)। स्कूली बच्चों को रोचक तरीके से सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से नई दिल्ली में में सड़क सुरक्षा ग्रीष्मकालीन शिविर की सोमवार को शुरुआत की गई जिसमें 200 से ज्यादा बच्चों ने हिस्सा लिया। शिविर के लिए 1000 से अधिक बच्चे रोड सेफ्टी समर कैंप के लिए पंजीकरण कर चुके हैं। सोमवार सो शुरू हुआ यह कैंप नौ जून तक चलेगा।

होंडा मोटरसाइकल एंड स्कूटर इंडिया ने दिल्ली यातायात पुलिस के सहयोग से सोमवार को दिल्ली में सड़क सुरक्षा के लिए प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए सड़क सुरक्षा ग्रीष्मकालीन शिविर (रोड सेफ्टी समर कैंप 2017) के तीसरे संस्करण का आयोजन किया।

बाबा खड़ग सिंह मार्ग स्थित होंडा ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क में आयोजित रोड सेफ्टी समर कैंप के उद्घाटन समारोह में 200 से ज्यादा बच्चों ने हिस्सा लिया। 1000 से अधिक बच्चे पहले से रोड सेफ्टी समर कैंप के लिए पंजीकरण कर चुके हैं। समर कैंप का उद्घाटन दिल्ली के पुलिस आयुक्त अमूल्य कुमार पटनायक तथा होंडा मोटरसाइकल एंड स्कूटर इंडिया के जनरल मैनेजर पी. राजगोपी ने किया।

इस मौके पर होंडा मोटरसाइकल एंड स्कूटर इंडिया में सेल्स एंड मार्केटिंग के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट यदविंदर सिंह गुलेरिया ने कहा, “इन गर्मियों में होंडा एक बार फिर से रोड सेफ्टी समर कैंप का आयोजन करने जा रहा है। ‘सेफ्टी विद फन’ यानी रोचक तरीकों से सुरक्षा पर जोर देना हमारी प्राथमिकता है। हमारी इस पहल के तहत बच्चों को नए रोचक शैक्षणिक खेलों के माध्यम से सड़क सुरक्षा के बारे में जानने का मौका मिलेगा। कैंप में एक खास सेल्फी जोन भी स्थापित की गई है जो हेलमेट के इस्तेमाल के बारे में जागरूकता बढ़ाएगी और बच्चों को ग्रुप फोटो जोन में बेहतरीन तस्वीरें लेने का मौका मिलेगा।”

हाईस्कूल के विद्यार्थियों को होंडा की 3डी राइडिंग ट्रेनर पर प्रशिक्षित किया जाएगा। (एक वर्चुअल राइडिंग सिमुलेटर जो 13 साल से अधिक उम्र के बच्चों को वास्तविक राइडिंग से पहले सड़क पर मौजूद 100 संभावी खतरों का अनुभव देता है)। 9 से 12 आयुवर्ग के बच्चों को होंडा की सीआरएफ 50 मॉडल पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। जापान से विशेष रूप से आयात किया गया यह मॉडल उन्हें सुरक्षित सवारी के गुर सिखाने में मदद करेगा। कैंप के अंत में विद्यार्थियों को कैंप में हिस्सा लेने का प्रमाणपत्र दिया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493