मेड्रिड, 15 मई (आईएएनएस)। जर्मनी की टेनिस खिलाड़ी एंजेलिक केर्बर ने महिला टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) की एकल रैंकिंग में एक बार फिर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।
उन्होंने अमेरिका की सेरेना विलियम्स को हटाकर इस स्थान पर वापसी की है।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, सेरेना गर्भवती होने के कारण 2017 में नहीं खेलेंगी। वह 6,110 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
तीसरे स्थान पर चेकगणराज्य की कैरोलिना प्लिसकोवा हैं। रोमानिया की सिमोना हालेप ने शनिवार को मेड्रिड ओपन का खिताब अपने नाम किया था। उन्हें इसका फायदा हुआ और वह चौथे स्थान पर आ गई हैं।
स्लोवाकिया की डोमिनिका सिबुलकोवा और ब्रिटेन की योहान कोंटा क्रमश: पांचवें और छठें स्थान पर बनी हुई हैं।
स्पेन की गर्बिने मुगुरुजा को तीन स्थान का नुकसान हुआ है और वह अब सातवें स्थान पर आ गई हैं। वहीं रूस की स्वेतलाना कुजनेत्सोवा एक स्थान चढ़ कर आठवें स्थान पर आ गई हैं।
पोलैंड की एग्निएस्का राडावांस्का दो स्थान फिसलकर नौवें स्थान पर आ गई है। डेनमार्क की कारोलिने वोज्नियास्की एक स्थान की छलांग के साथ शीर्ष 10 में आ गई हैं।
dharmpath.com dharmpath