नई दिल्ली, 15 मई (आईएएनएस)। भारत की मेजाबनी में इस साल होने वाले फीफा अंडर-17 विश्व कप टूर्नामेंट का पहला टिकट स्पेन के दिग्गज खिलाड़ी कार्लेस पुयोल तथा युवा मामलों एवं खेल मंत्री विजय गोयल की ओर से 1911 में आईएफए शील्ड जीतने वाले पहले भारतीय क्लब मोहन बागान क्लब के कप्तान शिबदास भादुरी के परिवार को दिया गया।
राजधानी दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित समारोह में पुयोल और गोयल ने भादुरी के पोते की बहू गौरी भादुरी को पहला टिकट देकर सम्मानित किया।
इसके साथ ही आधिकारिक रूप से विश्व कप के टिकट बिक्री शुरू कर दी गई।
इस टूर्नामेंट के लिए पहले चरण में टिकटों की बिक्री मंगलवार से शाम 7.11 बजे शुरू होगी। टिकट की कीमत 48 रुपये रखी गई है।
टिकट बिक्री के लिए मंगलवार को 19.11 बजे का समय खास मंशा से रखा गया है। उल्लेखनीय है कि साल 1911 में मोहन बागान आईएफए शील्ड जीतने वाला पहला भारतीय क्लब बना था।
इस मौके पर 2010 में विश्व कप जीतने वाली स्पेनिश टीम के सदस्य पुयोल ने कहा, “मैं भारत आकर बेहद खुश हूं। यह भारत की मेरी पहली यात्रा है। इस देश के लोगों को जानने के लिए मैं बेहद उत्साहित हूं। इस टूर्नामेंट के जरिए भारतीय दर्शकों को विश्व कप के मैचों को सीधे-सीधे देखने का मौका मिलेगा। भारतीयों को इस मौके का अधिक से अधिक फायदा उठाना चाहिए।”
इसके साथ ही पुयोल ने अक्टूबर में विश्व कप के आगाज के दौरान भारत आने की उम्मीद जताई है।
गोयल ने इस अवसर पर कहा, “हम टिकटों की किफायती कीमत सुनिश्चित कर रहे हैं। अब आप विश्व कप मैचों के टिकट 50 रुपये से भी कम कीमत में खरीद सकते हैं। इससे अधिक से अधिक लोग स्टेडियम में आकर टीमों का उत्साह बढ़ाएंगे।”
फीफा अंडर-17 विश्व कप के लिए टिकट पहले आओ पहले पाओ के आधार पर बेची जाएंगी, जिन्हें फीफा के आधिकारिक वेबसाइट से खरीदा जा सकता है।
dharmpath.com dharmpath