रोम, 16 मई (आईएएनएस)। रूस की दिग्गज टेनिस खिलाड़ी मारिया शारापोवा ने इटली ओपन के पहले दौर में जीत हासिल करने के साथ ही विंबलडन क्वालीफाइंग में जगह बना ली है।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, इटली ओपन टेनिस टूर्नामेंट में महिला एकल वर्ग के पहले दौर में शारापोवा ने क्रिस्टिना मेक्हाले को मात दी।
रूस की 30 वर्षीया खिलाड़ी शारापोवा वर्तमान में विश्व रैंकिंग में 211वें स्थान पर है और उन्हें रोम में जारी इस टूर्नामेंट में वाइल्ड कार्ड प्रवेश मिला था। सोमवार रात को खेले गए मैच में उन्होंने क्रिस्टिना को सीधे सेटों में 6-4, 6-2 से मात दी।
इस जीत के साथ शारापोवा आगामी रैंकिंग में शीर्ष 200 खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो जाएंगी। अगर वह इटली ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचती हैं, तो वह सीधे तौर पर विंबलडन के मुख्य ड्रॉ में क्वालीफाई कर जाएंगी।
dharmpath.com dharmpath