बासेल, 16 मई (आईएएनएस)। अपने करियर में अब तक 18 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके स्विट्जरलैंड के दिग्ग्ज टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर इस साल फ्रेंच ओपन में हिस्सा नहीं लेंगे।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, 35 वर्षीय फेडरर का कहना है कि उन्होंने यह फैसला एटीपी टूर को ध्यान में रखकर लिया है।
पांचवीं विश्व वरीयता प्राप्त फेडरर का कहना है कि वह आगामी वर्षो में एटीपी टूर्नामेंटों में खेलना जारी रखना चाहते हैं और इसलिए वह 28 मई से शुरू हो रहे ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट फ्रेंच ओपन में हिस्सा नहीं ले रहे हैं।
फेडरर ने कहा, “मैं अब ग्रास और हार्ड-कोर्ट सत्रों के लिए तैयारी करूंगा, जो जून में शुरू होंगे। मुझे इस चीज को समझने की जरूरत है कि अधिक समय तक टेनिस के खेल को जारी रखने के लिए मेरा एक समय सारिणी तैयार करना जरूरी है।”
उन्होंने कहा, “मेरी टीम और मैं इस निष्कर्ष पर आए हैं कि क्ले कोर्ट पर होने वाले एक टूर्नामेंट को खेलना इस सत्र में बाकी बचे टूर्नामेंटों की तैयारी और मेरे टेनिस के हित में नहीं होगा।”
इस सत्र में फेडरर ने आस्ट्रेलिया ओपन सहित तीन खिताब जीते हैं। चोटिल होने के कारण वह पिछले साल भी फ्रेंच ओपन में हिस्सा नहीं ले पाए थे।
dharmpath.com dharmpath