महिला हॉकी : सुनीता ने खेला अपना सौवां अंतर्राष्ट्रीय मैच

प्यूककोहे (न्यूजीलैंड), 17 मई (आईएएनएस)। भारत की राष्ट्रीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी सुनीता लाकड़ा ने न्यूजीलैंड में जारी पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला के तीसरे मैच में मैदान में उतरने के साथ ही अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना 100वां मैच खेला।

बुधवार को खेले गए इस मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 3-2 से मात दी।

साल 2009 में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने करियर की शुरुआत करने वाली सुनीता भारतीय टीम की महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। वह वर्तमान में न्यूजीलैंड में जारी श्रृंखला में भारतीय टीम की रक्षापंक्ति की अगुवाई कर रही हैं, जिसमें दीप ग्रेस एक्का, नमिता टोप्पो, सुशीला चानू, उदिता और गुरजीत कौर शामिल हैं।

ओडिशा में जन्मी सुनीता ने 17वें एशियाई खेल, 2016 रियो ओलम्पिक में शानदार प्रदर्शन के दम पर सुर्खियां बटोरीं। इसके अलावा, उन्होंने महिलाओं की एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट के चौैथे संस्करण की जीत में और महिलाओं की विश्व हॉकी लीग राउंड-2 की जीत में भी अहम भूमिका निभाई।

हॉकी इंडिया के महासचिव मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने इस मौके पर सुनीता को बधाई देते हुए कहा, “सुनीता बेहद ही मेहनती और प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। उन्होंने कई शानदार प्रदर्शन कर स्वयं को भारतीय टीम का महत्वपूर्ण खिलाड़ी साबित किया है। मैं उन्हें अंतर्राष्ट्रीय करियर का 100वां मैच पूरा करने पर बधाई देता हूं। ओडिशा तथा देश के अन्य क्षेत्रों की युवा और उभरती खिलाड़ियों के लिए वह एक प्रेरणा हैं। भविष्य के लिए मेरी तरफ से उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493