मप्र : अगला चुनाव न लड़ने की भाजपा विधायक की घोषणा

सागर, 17 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में गुटबाजी से परेशान सागर जिले की सुरखी विधानसभा क्षेत्र की विधायक पारुल साहू ने 2018 में अगला विधानसभा चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है।

विधायक साहू ने बुधवार को यहां संवाददाताओं से कहा, “पिछला विधानसभा चुनाव कम समय के बावजूद बड़ी मेहनत करके जीता था। सुरखी पिछड़ा क्षेत्र है, जहां विकास की बहुत आवश्यकता है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सहयोग से क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये से ज्यादा के निर्माण कार्य चल रहे हैं।”

विदेश में पढ़ी-लिखीं साहू ने कहा कि उनका लक्ष्य विकास है और उसके लिए वह प्रयासरत भी हैं, मगर पार्टी का स्थानीय स्तर पर जो सहयोग मिलना चाहिए, वह नहीं मिला, लिहाजा उन्होंने अगला चुनाव न लड़ने का फैसला कर लिया है।

महत्वपूर्ण यह है कि विधायक ने यह घोषणा ऐसे समय में की है, जब पार्टी के महामंत्री रामलाल सहित अन्य वरिष्ठ नेता दलित एजेंडे के तहत सागर संभाग के दौरे पर हैं। विधायक ने अपनी राय से रामलाल को भी अवगत करा दिया है।

सूत्रों का कहना है कि विधायक साहू ने अपनी बात से संगठन को अवगत करा दिया है। उनका पार्टी की सागर जिला इकाई के पदाधिकारियों से पटरी नहीं बैठ रही है। इसी के चलते उन्हें अपने क्षेत्र में काम करने में दिक्कत आ रही है, लिहाजा उन्होंने अगला चुनाव न लड़ने का मन बनाया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493