सीसीईए ने 3 रेलवे परियोजनाओं को मंजूरी दी

नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। देश भर में रेल संपर्क को बढ़ावा देने के लिए आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीईए) ने बुधवार को तीन रेलवे परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान कर दी।

केंद्रीय बिजली और कोयला मंत्री पीयूष गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई सीसीईए की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, “सीसीईए ने 700 किलोमीटर की रेल परियोजना को मंजूरी दी है।”

उन्होंने कहा, “सरकार ने आंध्र प्रदेश में गुंटुर-गुंटकल रेल लाइन के विद्युतीकरण और दोहरीकरण को मंजूरी दी है, जिसकी लंबाई 401.47 किलोमीटर है। इसकी लागत 4,201 करोड़ रुपये है।”

मंत्री ने कहा कि इस परियोजना के लिए राज्य सरकार और रेल मंत्रालय आधा-आधा धन देंगे।

उन्होंने कहा, “सीसीईए ने मनमाड-जलगांव रेल परियोजना की 160 किलोमीटर लंबी तीसरी लाइन को और उसके विद्युतीकरण को भी मंजूरी दे दी है। इस परियोजना से दिल्ली-मुंबई और मुंबई-कोलकाता के बीच रेल सेवा बेहतर होगी। इसकी लागत 1,198 करोड़ रुपये है और इससे 32 लाख कार्यदिवस के रोजगार पैदा होंगे।”

गोयल ने कहा, “उत्तर प्रदेश के फेफना-इंदारा और मऊ-शाहगंज रेल लाइन परियोजना को भी मंजूरी दी गई है। इस पर 1,190.98 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इससे 30 लाख कार्यदिवस रोजगार पैदा होंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493