नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को केंद्रीय पर्यावरण मंत्री अनिल दवे के निधन पर शोक जताते हुए इसे व्यक्तिगत क्षति बताया।
दवे का उनके आधिकारिक निवास पर निधन हो गया। हालांकि, अभी उनके निधन के सही समय का पता नहीं चल पाया है। गुरुवार सुबह 7.30 बजे जब उनके स्टाफ उन्हें जगाने गए तो उनके निधन का पता चला।
मोदी ने ट्वीट कर कहा, “मेरे दोस्त और बहुत ही सम्मानित सहयोगी पर्यावरण मंत्री अनिल माधव दवे जी के अचानक निधन की खबर से सकते में हूं।”
मोदी ने कहा, “उन्हें एक समर्पित जनसेवक के तौर पर याद रखा जाएगा। वह पर्यावरण संरक्षण को लेकर पूरी तरह से जुझारू थे।”
मोदी ने ट्वीट कर कहा, “मैं बुधवार देर शाम तक अनिल माधव दवे जी के साथ था और उनके साथ कई नीतिगत मुद्दों पर चर्चा कर रहा था। उनका निधन व्यक्तिगत क्षति है।”
दवे की पारिवारिक मित्र मीना अग्रवाल ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए कहा, “उनके पार्थिव शरीर को इंदौर ले जाया जाएगा।”
दवे का जन्म मध्य प्रदेश के बड़नगर में हुआ था। वह 2009 से राज्यसभा सांसद थे। उन्होंने 2016 में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली थी।
dharmpath.com dharmpath