नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। तोपों की कमी से जूझ रही भारतीय सेना को गुरुवार को दो एम777 अल्ट्रालाइट होवित्जर तोपें मिलीं। इसका निर्माण करने वाली कंपनी ने कहा है कि एम777 के साथ ही भारतीय सेना का तीन दशक लंबा इंतजार खत्म होने को है।
बीएई सिस्टम्स के मुताबिक, दो 155 मिलीमीटर/39 कैलिबर अल्ट्रालाइट होवित्जर तोप चार्टर्ड विमान से अमेरिका से नई दिल्ली पहुंचीं। दोनों तोपों की क्षमता की जांच के लिए उन्हें राजस्थान के पोखरण ले जाया जाएगा।
अगले कुछ वर्षो में 23 और तोप भारत लाए जाएंगे तथा अन्य 120 तोपों का निर्माण भारत में महिंद्रा कंपनी के सहयोग के माध्यम से होगा।
इन तोपों का वजन 4.2 टन है और यह सामान्य 155 मिलीमीटर होवित्जर तोपों के वजन का मात्र एक तिहाई है। इसकी अधिकतम मारक क्षमता 30 किलोमीटर है।
एम777 तोपों को हेलीकॉप्टर की मदद से ढोया जा सकता है, जिससे खासकर पहाड़ी इलाकों में अभियान चलाने में यह सेना की खासी मदद कर सकता है।
उल्लेखनीय है कि भारत ने विदेश सैन्य बिक्री (एफएमएस) मार्ग के माध्यम से 145 एम777 तोप खरीदने के लिए बीते साल 30 नवंबर को अमेरिका के साथ लेटर ऑफ एग्रीमेंट एंड एक्सेप्टेंस पर हस्ताक्षर किया था।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 17 नवंबर को इस बहुप्रतीक्षित सौदे को मंजूरी दे दी थी, जो भारतीय सेना की ताकत में इजाफा करेगा।
तोपों का यह ठेका 73.7 करोड़ डॉलर का है।
dharmpath.com dharmpath