सुबह 11 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने सदन को मंत्री के निधन की सूचना दी और कहा कि पीठ की अनुमति हो तो समूचा सदन मंत्री के निधन पर शोक व्यक्त करे।
पीठ से मिली अनुमति के बाद नेता सदन योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय मंत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा, “दवे अपनी रचनात्मक गतिविधियों के लिए हमेशा स्मरण किए जाते रहेंगे। मैं अपनी और अपने विधान मंडल दल की तरफ से केंद्रीय मंत्री के निधन पर अपनी शोक संवेदना प्रकट करता हूं।”
नेता विरोधी दल राम गोविंद चौधरी ने शोक संवेदना पकट करते हुए कहा कि दवे के निधन से राजनीति में खालीपन महसूस हो रहा है। उन्होंने पीठ से अपनी और अपने दल की संवेदनाओं को केंद्रीय मंत्री के परिजनों तक पहुंचाने का आग्रह किया।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) विधानमंडल दल के नेता लाल जी वर्मा ने भी मंत्री के निधन पर शोक प्रकट किया।
वहीं कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजय कुमार लल्लू ने शोक प्रकट करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में मंत्री के परिजनों को ईश्वर दुख सहन करने की शक्ति दे। साथ ही अपना दल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता ने भी अपनी शोक संवेदना प्रकट की।
सभी नेताओं की शोक संवेदनाओं को सुनने के बाद विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने शोक प्रकट करते हुए कहा, “केंद्रीय मंत्री के निधन से पूरा आदरणीय सदन शोकाकुल है। संसार एक आवागमन का क्षेत्र है। सामाजिक जीवन में नई मर्यादाओं को गढ़ने में जो लोग लगे रहते हैं, इतिहास उन्हें याद रखता है।”
इसके बाद समूचे सदन ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा।
dharmpath.com dharmpath