नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। यूसीवेब इंक की होल्डिंग कंपनी अलीबाबा समूह ने मीडिया कारोबार में वित्त वर्ष 2016-17 में 271 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। कंपनी ने शुक्रवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
कंपनी ने कहा कि 31 मार्च, 2017 को समाप्त वित्त वर्ष में अलीबाबा ने डिजिटल मीडिया और मनोरंजन कारोबार में (साल दर साल) 271 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। वहीं, वित्त वर्ष 2016-17 की चौथी तिमाही में इस इकाई का कारोबार 57.1 करोड़ डॉलर रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 234 प्रतिशत अधिक है।
अलीबाबा समूह के साझीदार और अलीबाबा डिजिटल मीडिया एंड एंटरटेनमेंट समूह के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी योंगफू यू ने कहा, “अलीबाबा समूह के वैश्विक कारोबारों में सबसे शुरुआती और सबसे सफल इकाई के तौर पर यूसीवेब इस पूरे समूह के वैश्विक खाके में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मुझे विश्वास है कि जैक की इस नियुक्ति से हमारी वैश्विक सफलता में कई नए अध्याय जोड़ने में मदद मिलेगी।”
अलीबाबा मोबाइल बिजनेस समूह के अध्यक्ष जैक हुआंग के मुताबिक, “यूसीवेब अपने अंतरराष्ट्रीय यूजर्स की संख्या में तेज वृद्धि दर्ज कर रही है और यह न केवल चीन, बल्कि भारत, इंडोनेशिया एवं रूस जैसे प्रमुख बाजारों में भी डिजिटल परिवर्तन एवं उच्च गुणवत्ता के डिजिटल कंटेंट के उपभोग में लंबी छलांग लगा रही है।”
यूसीवेब अगले दो साल में भारत और इंडोनेशिया में कंटेंट वितरण को गति देने के लिए 200 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। यह निवेश अगले तीन साल में कंटेंट में 50 अरब यूआन (7.2 अरब डॉलर) निवेश करने की अलीबाबा डिजिटल मीडिया एंड एंटरटेनमेंट ग्रुप की पूर्व की घोषणा के अंतर्गत किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath