बैडमिंटन : सुदिरमन कप में डेनमार्क से हारा भारत (लीड-1)

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 22 मई (आईएएनएस)। भारत को सुदिरमन कप मिश्रित टीम चैम्पियनशिप के अपने पहले ही मैच में सोमवार को डेनमार्क के हाथों 1-4 से हार मिली।

ओलम्पिक की रजत पदक विजेता पी.वी. सिंधु टूर्नामेंट के पहले मैच में डेनमार्क के खिलाफ भारत की ओर से जीत दर्ज करने वाली एकमात्र खिलाड़ी रहीं।

दो बार के उपविजेता डेनमार्क के खिलाफ भारत की शुरुआत खराब रही। डेनमार्क की मिश्रित युगल जोड़ी जोआचिम फिशचेर निल्सन और क्रिस्टिना पेडरेसन ने अश्विनी पोनप्पा और सात्विकसेराज रंकीरेड्डी की भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी को एक घंटे 10 मिनट तक चले मैच में 21-15, 16-21, 21-17 से हराया।

इसके बाद, दूसरे मैच में पुरुष एकल में भारतीय खिलाड़ी अजय जयराम को विक्टर एक्सलसेन ने 12-21, 7-21 से मात दी।

पुरुष युगल में खेले गए तीसरे मैच में भी डेनमार्क का दबदबा रहा। मैथियास बोए और कार्स्टन मोगेनसेन की जोड़ी ने भारत के मनु अत्री और बी. सुमिथ रेड्डी की जोड़ी को सीधे गेमों में 21-17, 21-15 से हराकर डेनमार्क को भारत पर 3-0 की बढ़त दिलाई।

इसके बाद सिंधु ने महिला एकल मैच में लाइन के. को 21-18, 21-6 से हराया और स्कोर 1-3 कर दिया, लेकिन इसके बाद सिक्की रेड्डी और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी को महिला युगल के मैच में कमीलिया रेटर जुहल और क्रिस्टिना पेडरेसन की जोड़ी से 21-18, 15-21, 21-23 से हार का सामना करना पड़ा।

इस प्रकार, भारत को सुदिरमन कप मिश्रित टीम चैम्पियनशिप के अपने पहले ही मैच में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा।

भारत का सामना टूर्नामेंट के अगले मैच में मंगलवार को इंडोनेशिया से होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493