लखनऊ , 22 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी में कर्नाटक कैडर के उत्तर प्रदेश निवासी दिवंगत आईएएस अधिकारी अनुराग तिवारी की रहस्यमय मौत के बाद उनकी हत्या का मामला दर्ज कराया गया है।
आईएएस की मौत के 72 घंटे बाद भी एसआईटी कोई सुराग नहीं लगा पाई है। सोमवार को अनुराग तिवारी के भाई मयंक तिवारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दीपक कुमार को तहरीर दी। इसके बाद एसएसपी के आदेश पर लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। इस मामले की जांच कर रही एसआईटी भी अपनी रिपोर्ट पेश करेगी।
अनुराग तिवारी के परिवार के लोग सोमवार को बहराइच से लखनऊ पहुंचे। वे सबसे पहले मीराबाई मार्ग स्थित स्टेट गेस्ट हाउस गए। उसके बाद लाल बहादुर शास्त्री भवन (एनेक्सी) में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।
योगी से निष्पक्ष जांच का आश्वासन मिलने के बाद अनुराग के परिवार के लोग लखनऊ के एसएसपी दीपक कुमार से मिले। एसएसपी ने उनके अनुरोध पर आईएएस अनुराग तिवारी की रहस्यमय मौत के मामले में हत्या का मामला दर्ज कराया।
dharmpath.com dharmpath