सीतामढ़ी, 23 मई (आईएएनएस)। बिहार में सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी थाना क्षेत्र में दो भाइयों की गला रेतकर हत्या कर दी गई। ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस ने मंगलवार को दोनों शवों को बरामद कर लिया।
बाजपट्टी के थाना प्रभारी कंचन भास्कर ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने सढ़वारा गांव के पुल के नीचे से दो बच्चों के शव बरामद किए। दोनों की हत्या गला रेतकर और पीट-पीटकर की गई। मृतकों की पहचान पथराही गोट गांव निवासी गणेश बैठा के बेटे फूलबाबू बैठा (10) और रामा कुमार बैठा (8) के रूप में की गई है।
भास्कर ने बताया कि हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व गांव में आम बगीचा में आम तोड़ने को लेकर गांव के ही एक व्यक्ति से विवाद हुआ था। सोमवार की शाम से ही दोनों बच्चे लापता थे। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
इधर, शव की बरामदगी के बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
dharmpath.com dharmpath