मैनचेस्टर, 23 मई (आईएएनएस)। ब्रिटेन के मैनचेस्टर एरिना में सोमवार रात एक कॉन्सर्ट के ठीक बाद हुए हमले में 22 लोगों की मौत के बाद प्रधानमंत्री थेरेसा मे ने मंगलवार को डाउनिंग स्ट्रीट में आपात कोबरा बैठक बुलाई।
मैनचेस्टर, 23 मई (आईएएनएस)। ब्रिटेन के मैनचेस्टर एरिना में सोमवार रात एक कॉन्सर्ट के ठीक बाद हुए हमले में 22 लोगों की मौत के बाद प्रधानमंत्री थेरेसा मे ने मंगलवार को डाउनिंग स्ट्रीट में आपात कोबरा बैठक बुलाई।
हमला अमेरिकी पॉप गायिका एरियाना ग्रैंडे के कंसर्ट के ठीक बाद 10.35 बजे हुआ, जिसमें मरने वाले 22 लोगों में बच्चे भी शामिल हैं। इस हमले में 59 अन्य घायल हो गए। हमले को एक पुरुष आत्मघाती हमलावर द्वारा अंजाम दिए जाने की बात सामने आ रही है। मैनचेस्टर एरिना में मौजूद लगभग 20,000 लोग कन्सर्ट समाप्त होने के बाद निकास द्वारों से बाहर निकल रहे थे, जब यह विस्फोट हुआ।
कोबरा एक ‘क्राइसिस रिस्पांस कमेटी’ है।
यह लंदन में सात जुलाई, 2005 को हुए हमले के बाद दूसरा बड़ा हमला है, जिसमें 52 लोगों की मौत हो गई थी।
देश में आठ जून को होने वाले आम चुनाव के लिए सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने मंगलवार को अपना चुनाव अभियान स्थगित कर दिया। ब्रिटेन की गृह मंत्री अंबर रूड, ग्रेटर मैनचेस्टर के महापौर एंडी बर्नहाम, पूर्व लॉर्ड मेयर अफजल खान और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी इस हमले की निंदा की है।
ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने बताया कि हमलावर ने अकेले ही इस घटना को अंजाम दिया, जिसकी विस्फोट में मौत हो गई। वह घटनास्थल पर आईईडी लेकर आया था।
ग्रैंडे की टीम के सदस्य ने पुष्टि की कि इस हमले में ग्रैंडे घायल नहीं हुई हैं।
ग्रैंडे ने घटना के कई घंटों बाद ट्वीट कर कहा, “टूट गई हूं। मुझे बहुत खेद है। मेरे पास शब्द नहीं है।”
गृह मंत्री अबंर रूड ने कहा कि यह घटना बहुत ही बर्बर थी और लोगों को जानबूझकर निशाना बनाया गया।
मेयर बर्नहम ने कहा, “यह बहुत ही अमानवीय कृत्य था। हमारी संवेदनाएं और सहानुभूति पीड़ितों के साथ हैं। हम पीड़ितों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। हम आज दुख में हैं, लेकिन मजबूत हैं।”
थेरेसा मे ने जारी बयान में कहा, “हम घटना की पूरी जानकारी जुटाने में लगे हैं, पुलिस इस घटना को आतंकवादी घटना के तौर पर देख रही है। हमारी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवार के साथ हैं।”
विस्फोट के बाद 60 एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंचे और इस संबंध में 240 कॉल किए गए।
ब्रिटिश मीडिया के मुताबिक, अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के समर्थकों को सोशल मीडिया पर विस्फोट जश्न मनाते देखा गया।
विपक्षी दल लेबर पार्टी के नेता जेरेमी कॉर्बिन ने भी पीड़ितों के प्रति सहानुभूति जताई है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “मैनचेस्टर में घातक हमला। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों के साथ हैं।”
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हमले की निंदा करते हुए कहा, “हमारी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।”
अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के मुताबिक, वह इस घटना पर करीब से निगाह बनाए हुए है।
मैनचेस्टर सिटी काउंसिल के नेता सर रिचर्ड लीज ने कहा कि शहर आतंकवादियों को विभिन्न समुदायों को बांटने नहीं देगा।
मैनचेस्टर में होटलों और लोगों ने अपने घर मदद के लिए खोल दिए हैं। विस्फोट के एक घंटे के भीतर लोगों ने जरूरतमंदों को पनाह देना शुरू कर दिया है। लोग हैशटैग रूमफॉरमैनचेस्टर नाम से मदद कर रहे हैं।
टैक्सी चालक और स्थानीय लोग निशुल्क लोगों की मदद कर रहे हैं।
ग्रैंडे की रिपब्लिक रिकॉर्ड्स लेबल की पैरेंट कंपनी यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप ने फेसबुक पर पोस्ट कर कहा, “हम मैनचेस्टर में आज रात (सोमवार) की इस घटना से दुखी हैं। हमारी संवेदनाएं पीड़ितों के साथ हैं।”
एड शीरन, निक्की मिनाज, केटी पेरी और अन्य संगीतकारों ने भी ट्वीट कर घटना पर दुख जताया है।
वहीं, यूके नेशनल रेल के मुताबिक, एरिना के पास स्थित मैनचेस्टर विक्टोरिया स्टेशन को मंगलवार के लिए बंद कर दिया गया है।
इससे पहले जून 1996 में आयरिश रिपब्लिक आर्मी (आईआरए) ने एरिना के पास एक ट्रक-बम विस्फोट कर दिया था, जिसमें सैकड़ों लोग घायल हो गए थे।
(लेखक लंदन स्थित ‘एशियन लाइट’ के संपादक हैं। ये उनके निजी विचार हैं। )
dharmpath.com dharmpath