पुलिस के अनुसार, दोकटी थाना क्षेत्र के लक्ष्मण छपरा गांव में सोमवार देर रात शारदा देवी (55) की सेना के रिटायर्ड सिपाही उसके बेटे मनोज सिंह ने चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना को देख बीच-बचाव करने पहुंचे भाई सनोज सिंह पर भी चाकू से प्रहार कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गया। घायल सनोज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बलिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के समय डी एरिया में भी घुस गया था। वहीं लक्ष्मण छपरा में तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश के आगमन के समय भी गड़बड़ी की थी।
पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह ने बताया कि सोमवार रात मनोज का घरेलू मामले को लेकर अपनी मां से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने मां की चाकू मारकर हत्या कर दी। इस मामले में मृतका के छोटे बेटे सनोज की पत्नी ने मनोज सिंह के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 302 व 324 में नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। घटना के बाद हत्यारा बेटा फरार हो गया। वह मानसिक रोगी बताया जाता है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
dharmpath.com dharmpath