कांस्टेबल ने पत्नी व दो बच्चों को जहर देकर मारा, खुद की हालत गंभीर

बेंगलुरु, 23 मई (आईएएनएस)। एक पुलिस कांस्टेबल ने मंगलवार को अपनी पत्नी व दो बच्चों समेत जहरीला भोजन खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। पत्नी व दोनों बच्चों की मौत हो गई जबकि कांस्टेबल की हालत अस्पताल में नाजुक बनी हुई है।

पुलिस उपायुक्त पी. एस. हर्षा ने संवाददाताओं से कहा, “सिटी आर्म्ड रिजर्व (सीएआर) कांस्टेबल एस. सुभाष चंद्रा (35) की हालत गंभीर बनी हुई है। वह एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि उनकी पत्नी वीना (28), बेटी मान्या (3) व बेटा पृथ्वी (18 महीने) को शहर के उत्तर पूर्व के उपनगर में मृत पाया गया।”

यह दुखद घटना तब सामने आई जब चंद्रा का एक संबंधी हेगडेृ नगर स्थित पुलिस क्वार्टर में उनसे मिलने गया। घर के अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आने के बाद संबंधी ने पुलिस को सूचना दी।

हर्षा ने कहा, “हमें संदेह है कि चंद्रा ने अपनी पत्नी व दो बच्चों को नाश्ते में जहर देने के बाद खुद भी इसे खा लिया।”

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल में भेज दिया है।

हर्षा ने कहा, “आत्महत्या के प्रयास का कारण नहीं पता चल सका है। पहली प्राथमिकता चंद्रा का जीवन बचाने की है और फिर मामले की जांच की जाएगी।”

चंद्रा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या), 309 (आत्महत्या का प्रयास) व 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

चंद्रा राज्य के उत्तर पश्चिम इलाके के बेलागवी का रहने वाला है। वह 2008 में पुलिस सेवा में शामिल हुआ। वह सीएआर में प्रतिनियुक्ति पर था।

बेलागवी, बेंगलुरु से 500 किमी की दूरी पर है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493