नई दिल्ली, 23 मई (आईएएनएस)। टाटा स्टील के माइंस एंड क्वैरीज (ओएमक्यू) डिवीजन ने सोमवार को नोआमुंडी रिक्रिएशन क्लब में ‘जैव विविधता और संवहनीय पर्यटन’ विषय के तहत ‘विश्व जैवविविधता दिवस’ मनाया।
कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार, इस कार्यक्रम का आयोजन समुदायों, विशेष रूप से बच्चों को जैव विविधता के संरक्षण और परिरक्षण के महत्व को लेकर संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से किया गया। ओमक्यू डिवीजन ने कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ ज्ञान सत्र और चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताओं के साथ-साथ जैव विविधता विषय पर स्कूली बच्चों के लिए एक क्विज का भी आयोजन किया।
सभा को संबोधित करते हुए जमशेदपुर के क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक एस.के. गुप्ता ने जैव विविधता के संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए टाटा स्टील के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे हरित कवच को बढ़ाने के लिए मॉनसून के पहले अपने नाम से कम से कम एक पौधा लगाए।
टाटा स्टील के महाप्रबंधक पंकज सतीजा ने कहा, “हम जागरूकता सत्रों, प्रतियोगिताओं और जुड़ाव की अन्य गतिविधियों के आयोजन के जरिए समाज के सभी वर्गों को जैव विविधता के संरक्षण और मूल्यों के प्रति संवेदनशील कर रहे हैं। हम जैव विविधता पर स्थानीय समुदायों के पारंपरिक नॉलेज बैंक को मजबूत बनाने और उनकी रक्षा के लिए उन तक पहुंच रहे हैं।”
dharmpath.com dharmpath