लातूर (महाराष्ट्र), 25 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उनकी टीम के पांच सदस्य उस समय बाल-बाल बच गए जब लातूर में गुरुवार दोपहर उड़ान भरने के फौरन बाद उनका हेलीकॉप्टर सीधे जमीन पर गिर (क्रैश लैंडिंग) गया।
राज्य सरकार के हेलीकॉप्टर वीटी-सीएमएम ने लातूर के पास निलांगा से दोपहर को उड़ान भरी थी। इसमें फडणवीस, चालक दल के दो सदस्य और तीन अधिकारी सहित कुल छह लोग सवार थे।
उड़ान भरने के तुरंत बाद पायलट ने हवा के तेज रुख की वजह से हेलीपैड पर लौटने का फैसला किया।
अधिकारी ने बताया कि हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान वह हेलीपैड के पास कुछ इलेक्ट्रिकल तारों में उलझ गया और सीधे नीचे गिर गया।
हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। हालांकि, हेलीकॉप्टर को क्षति पहुंची है।
फडणवीस ने ट्वीट कर बताया, “हमारा हेलीकॉप्टर लातूर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया लेकिन मैं और मेरी टीम सुरक्षित हैं। चिंता की कोई बात नहीं है।”
dharmpath.com dharmpath