इराकी सुरक्षाबलों को पश्चिमी मोसुल में आईएस के खिलाफ अभियान में सफलता

बगदाद, 25 मई (आईएएनएस)। इराक के अर्धसैनिक बल हश्द शाबी की इकाइयों ने गुरुवार को मोसुल के पश्चिम में इराक-सीरिया सीमा पर स्थित इलाकों को पुन: अपने नियंत्रण में लेने के लिए अभियान चलाया। सीमा पर इराक की तरफ स्थित इलाकों से इस्लामिक स्टेट (आईएस) के आतंकवादियों को खदेड़ने के अभियान में उन्हें काफी हद तक सफलता मिली।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, सेना ने एक बयान में कहा कि उन्होंने आईएस के कब्जे वाले बाज कस्बे पर नियंत्रण के लिए अभियान चलाया, जो अल-कैरवान कस्बे से लगभग 25 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है, जिसे हाल में आईएस से मुक्त कराया गया है।

दोनों कस्बे मोसुल से लगभग 100 किलोमीटर पश्चिम में स्थित हैं।

गुरुवार तड़के भारी हथियारों से लैस सेना के हेलीकॉप्टरों की मदद से अर्धसैनिक इकाइयों ने बाज कस्बे को मुक्त कराने के लिए आगे बढ़ने के क्रम में अल-कैरवान के पश्चिम में स्थित चार गांवों को आईएस के चंगुल से मुक्त कराया।

बयान के मुताबिक, हश्द शाबी सुरक्षाबलों ने अल-कैरवान तथा बाज के बीच आतंकवादियों के कब्जे वाले तीन और गांवों को घेर लिया।

बयान में कहा गया कि आईएस के साथ लड़ाई के दौरान हेलीकॉप्टर ने आतंकवादियों की एक कार को तबाह कर दिया और आईएस के उन सात वाहनों की तलाश की जा रही है, जिनपर भारी मशीनगन लगे हैं और उन्हें एक गांव के निकट देखा गया था।

हश्द शाबी ने मंगलवार को अल-कैरवान तथा उसके आसपास स्थित कई गांवों को आईएस के कब्जे से मुक्त कराया और घोषणा की कि सुरक्षाबलों ने सीरिया के साथ लगे सीमाई इलाकों को सुरक्षित करने के लिए बड़े हमले के पहले चरण को पूरा कर लिया है और उसने मोसुल तथा सीरिया के राक्का शहर के बीच आईएस की आपूर्ति लाइन को काट दिया है।

बगदाद से 400 किलोमीटर उत्तर स्थित मोसुल जून 2014 से ही आईएस के नियंत्रण में है। आतंकवादियों के हमले के बाद सरकारी सुरक्षाबल अपने हथियार छोड़कर भाग निकले थे, जिसके बाद आतंकवादी समूह ने उत्तरी तथा पश्चिमी क्षेत्रों पर कब्जा कर लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493