उप्र : राजमार्ग पर 1 की हत्या. 4 महिलाओं से सामूहिक दुष्कर्म (लीड-1)

नोएडा, 25 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर के पास गुरुवार तड़के कुछ हथियारबंद बदमाशों ने वाहन से जा रहे एक स्क्रैप डीलर की हत्या कर दी, साथ ही उसकी मां, पत्नी, बहन और भाभी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बदमाशों ने उनकी कार रोककर लूटपाट भी की। पुलिस ने यह जानकारी दी।

वारदात यहां से 60 किलोमीटर दूर जेवर-बुलंदशहर राजमार्ग पर आधी रात के बाद 1.30 बजे के आसपास हुई जब ग्रेटर नोएडा के एक परिवार के आठ सदस्य बुलंदशहर के अस्पताल में भर्ती अपनी एक बीमार रिश्तेदार से मिलने के लिए वाहन से जा रहे थे। उनमें चार महिलाएं भी थीं।

पीड़ित परिवार के अनुसार, जेवर में सबोता गांव के पास हथियारबंद छह बदमाशों ने उनकी कार के टायर में गोली मारकर उन्हें रुकने के लिए मजबूर किया। पास के खेत में उन्होंने हथियार के बल पर महिलाओं से दुष्कर्म किया।

पुलिस ने कहा कि विरोध करने पर हमलावरों ने स्क्रैप डीलर शकील कुरैशी (40) को गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। हमलावरों ने उनके कीमती सामान, मोबाइल्स फोन और 47,000 रुपये लूट लिए।

उत्तर प्रदेश सरकार ने इसकी जांच स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को सौंप दी है।

पीड़ितों में से एक शफीक ने कहा, “बदमाशों ने महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया और ईको वैन के चालक के साथ तीन को बंधक बना लिया। पुलिस की गाड़ी नजर आने के बाद सभी आरोपी जंगल की ओर भाग गए।”

गौतमबुद्ध नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लव कुमार ने कहा, “हमने आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें बनाई हैं जिनमें उत्तर प्रदेश एसटीएफ की चार टीमें भी हैं। महिलाओं को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है। एसटीएफ टीम आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।”

अधिकारी ने कहा कि बदमाशों ने टायर पंचर करने के लिए सड़क पर कील फेंकी, लेकिन उससे पंचर नहीं होने के बाद उन्होंने टायर पर गोली चलाई।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि वे आरोपियों का स्केच बनाने की कोशिश कर रहे हैं। अंधेरे की वजह से पीड़ितों ने केवल दो आरोपियों के चेहरे देखे।

जंगल में बड़े पैमाने पर तलाशी की जा रही है, जहां आरोपी फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ डकैती के साथ हत्या (396) और आईपीसी के तहत सामूहिक दुष्कर्म (376 डी) का मामला दर्ज किया है।

इसी तरह की घटना जुलाई, 2016 में भी हुई थी, जब बुलंदशहर में राजमार्ग पर एक मां और बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था, जिस पर काफी विरोध प्रदर्शन हुआ था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सहित विपक्षी दलों ने उस समय शासन में रही समाजवादी पार्टी (सपा) पर आरोप लगाया था कि वह महिलाओं के सम्मान की रक्षा और लोगों की सुरक्षा करने में असफल रही है।

इस बार इस घटना पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता और नेता चुप हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493