कोलकाता, 25 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल ईकाई ने गुरुवार को पुलिस पर जबरदस्ती पार्टी मुख्यालय में दाखिल होने और विरोध प्रदर्शन जुलूस में हिंसा भड़कने पर पार्टी के कार्यकर्ताओं को ‘बेरहमी से पीटने’ का आरोप लगाया।
पश्चिम बंगाल भाजपा के सविच राजू बनर्जी ने इस घटना को ‘शर्मनाक’ बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कैडर की तरह कार्य कर रही है।
बनर्जी ने कहा, “यह पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक शर्मनाक दिन है। पुलिस ने बलपूर्वक पार्टी के दफ्तर में प्रवेश किया और वहां मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं को बेरहमी से पीटा।”
उन्होंने आरोप लगाया, “आज की घटना साफ तौर पर सिद्ध करती है कि वास्तव में राज्य पुलिस तृणमूल कांग्रेस का अंग है। ऐसा लगता है कि पुलिस और तृणमूल समर्थित गुंडों के बीच सत्तारूढ़ पार्टी से वफादारी दिखाने की प्रतिस्पर्धा चल रही है कि कौन सबसे ज्यादा वफादार है।”
भाजपा नेता ने पुलिस पर यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर बिना किसी उकसावे के हमला किया और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया।
उन्होंने कहा, “पुलिस ने अचानक हम पर बिना किसी उकसावे के हमला कर दिया। पार्टी का दफ्तर खाली था क्योंकि उस समय सभी रैली में व्यस्त थे। सिर्फ कुछ घायल लोगों का अंदर इलाज चल रहा था। हमारे पास वीडियो फुटेज है कि उन्होंने हम पर किस तरह हमला किया और किस तरह की अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया।”
कोलकाता में गुरुवार को भाजपा समर्थकों व पुलिस के बीच शहर के कई मार्गो पर तीखी झड़प हुई।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के पुलिस मुख्यालय पहुंचने की कोशिश में पुलिस पर पत्थर फेंके और बैरीकेड्स तोड़ने की कोशिश। सुरक्षा बलों ने कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारों, आंसू गैस व लाठी का इस्तेमाल किया।
dharmpath.com dharmpath