‘तंबाकू भारत छोड़ो’ मुहिम की शुरुआत

जयपुर, 25 मई (आईएएनएस)। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर भगवान महावीर कैंसर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर की ओर से लोगों में तंबाकू से होने वाले स्वास्थ्य पर नुकसान के प्रति जागरूकता लाने के लिए तंबाकू भारत छोड़ो मुहिम की शुरुआत की जा रही है।

भगवान महावीर कैंसर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर की वरिष्ठ उपाध्यक्षा अनिला कोठारी ने बताया, “अस्पताल का मकसद तंबाकू से होने वाले कैंसर में हो रही बढ़ोतरी को कम करना है। इसके तहत विश्व तंबाकू निषेध दिवस 31 मई तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत हस्ताक्षर अभियान से की गई है। इसमें जे.एल.एन. मार्ग में अस्पताल परिसर के मुख्य द्वार पर हस्ताक्षर वॉल स्थापित की गई है।”

भगवान महावीर कैंसर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर के चिकित्सा निदेशक मेजर जनरल एस.सी. पारीक ने बताया, “संस्थान का मकसद प्रभावितों का इलाज तो है ही साथ ही इस रोग से बचने के स्वास्थ्य उपायों को अपनाने पर भी केंद्रित है। अक्सर यह पाया गया है कि मुंह के कैंसर का मुख्य कारण तंबाकू की लत है। ऐसे में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर दस दिवसीय कार्यक्रम श्रृंखला आयोजित की जा रही है।”

इस कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्थानों पर निशुल्क स्वास्थ्य जांच कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। इसका मकसद तंबाकू खाने वाले व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच कर कैंसर संभावना का पता लगाना है, ताकि समय पर उपचार प्रारंभ कर रोग को खत्म किया जा सके। अस्पताल प्रबंधन की ओर से लगाए जाने वाले कैंप प्रमुखता से मॉल्स, कॉपोरेट संस्थान, मीडिया संस्थान, औद्योगिक क्षेत्रों, सरकारी संस्थानों में आयोजित किए जा रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493