सहारनपुर घटना के विरोध में माकपा का 29 मई को मध्य प्रदेश में प्रदर्शन

भोपाल, 26 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दलितों पर हुए अत्याचार के विरोध में मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की मध्य प्रदेश इकाई ने 29 मई को राज्य भर में धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया है।

माकपा के राज्य सचिव बादल सरोज ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा कि जब से योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं तब से ही राज्य में दलितों की हत्याओं, मारपीट और हिंसा का तांडव चल पड़ा है।

बादल का आरोप है कि उत्तर प्रदेश में हिंदू वाहिनी वही कर रही है जो भाजपा और आरएसएस चाहती है। दोनों ही उस हिंदुत्व की धारणा पर अमल करते हैं जो मनुस्मृति के आधार पर इस देश को चलाने में विश्वास रखती है। मुसलमानों के विरुद्घ उनका प्रायोजित घृणा अभियान तो सिर्फ बड़ी लामबंदी करने का एक जरिया है, उनका मकसद उससे भी आगे जाकर दलितों, आदिवासियों, पिछड़ी जातियों, महिलाओं और आम तौर से सभी गरीबों को पशुवत गुलामी की अवस्था में पहुंचा देने का है।

माकपा की मध्य प्रदेश इकाई ने 29 मई को पूरे प्रदेश में सहारनपुर में हुई हिंसा के विरोध में धरना-प्रदर्शन और सभा करने का निर्णय लिया है। इस आंदोलन के माध्यम से दलितों पर अत्याचार की इन घटनाओं में लिप्त दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, कमजोर लोगों को प्रशासन की ओर से पूर्ण सुरक्षा उपलब्ध कराने, हमलों के पीड़ितों को हर्जाना दिए जाने, दलितों और उनके नेताओं पर लगाए गए झूठे और फर्जी मुकदमे वापस लिए जाने के साथ ही सहारनपुर सहित उत्तर प्रदेश में कानून का राज बहाल किए जाने की मांग की जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493