नेपाली शेरपा कामी रीता ने 21 बार माउंट एवरेस्ट फतह कर बनाया कीर्तिमान

काठमांडू, 28 मई (आईएएनएस)। नेपाल के कामी रीता ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को 21 बार फतह कर इतिहास रच दिया है। वह ऐसा करने वाले तीसरे शख्स बन गए हैं। कामी ने शनिवार सुबह दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर पहुंचकर एक नया कीर्तिमान बनाया।

नेपाल के सांस्कृतिक, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी ज्ञानेंद्र श्रेष्ठ ने समाचार एजेंसी सिन्हुआ से इसकी पुष्टि की कि कामी रीता ने शनिवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 8.15 बजे माउंट एवरेस्ट की चोटी फतह की।

अभियान का आयोजन करने वाली कंपनी सांगरी-ला नेपाल ट्रेक के मुताबिक, कामी रीता पांच अन्य नेपाली नागरिकों और छह विदेशी नागरिकों के साथ माउंट एवरेस्ट के शिखर पर पहुंचे।

सांगरी-ला नेपाल ट्रेक के प्रबंध निदेशक जीबान घिमिरे ने सिन्हुआ को बताया कि कंपनी में काम करने वाले कामी रीता ने 21 बार माउंट एवरेस्ट की चोटी फतह कर हमारी कंपनी और देश का नाम रोशन किया है।

नेपाल के सोलुखुंबू जिले के थामे गांव के कामी रीता अनुभवी पर्वतारोही हैं। वह के2, चो-ओयु, ल्होस्ते तथा अन्नपूर्णा सहित 8,000 मीटर से अधिक की ऊंचाई वाली अधिकांश चोटियों पर पहले ही चढ़ाई कर चुके हैं।

श्रेष्ठ के मुताबिक, इस साल अब तक विश्व भर के 300 से अधिक पर्वतारोही माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंच चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493