चेल्सी को हरा आर्सेनल ने जीता एफए कप खिताब (लीड-1)

लंदन, 28 मई (आईएएनएस)। आर्सेनल क्लब ने शनिवार रात खेले गए मैच में चेल्सी को मात देकर रिकॉर्ड 13वीं बार एफए कप खिताब जीत लिया।

समाचर एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, वेम्ब्ले स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मैच में आर्सेनल ने इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) चैम्पियन चेल्सी को 2-1 से मात दी।

इस खिताबी मैच को जीतने के बाद आर्सेनल के कोच आर्सेने वेंगर ने कहा, “हमारा मैच के पहले मिनट से प्रदर्शन शानदार रहा है। इस टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस टीम ने एकता और क्षमता का प्रदर्शन किया है और शानदार फुटबाल खेला।”

मैच की शुरुआत के चौथे ही मिनट में एलेक्सिस सांचेज ने पहला गोल कर आर्सेनल का खाता खोला। इसके बाद दूसरे हाफ में 76वें मिनट में काफी कोशिश के बाद डिएगो कोस्टा ने चेल्सी के लिए गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर किया।

ड्रॉ की ओर जाते हुए इस फाइनल मैच का परिणाम 79वें मिनट में एरोन रामसे की ओर से किए गए अहम गोल के कारण आर्सेनल के खाते में गया और इस प्रकार आर्सेनल ने 2-1 से जीत हासिल की।

चेल्सी के कोच एंटोनियो कोंटे हार के कारण नाखुश लग रहे थे। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि इस मैच का पहला गोल बेहद अजीब था। हमारे लिए पहले हाफ की शुरुआत अच्छी नहीं हुई थी। हमारा तरीका सही नहीं था। हमने दूसरे हाफ में अच्छी बेहतर प्रदर्शन की कोशिश की, लेकिन टीम के खिलाड़ी को मिला लाल कार्ड सही नहीं रहा।”

कोंटे ने कहा कि टीम को अंतिम परिणाम से बेहद निराशा हुई है, लेकिन ऐसा होता है। उन्होंने कहा, “हमारा सत्र बेहद शानदार था। अब हम आगे की ओर देखेंगे और फिर से अच्छी शुरुआत करेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493