भोपाल, 29 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित कई अन्य हिस्सों में रविवार को चली हवा और बौछारें पड़ने से सोमवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया कि आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में धूलभरी आंधी के साथ बौछारें पड़ सकती हैं तो कई हिस्सों में लू चल सकती है।
राज्य में सोमवार की सुबह से मौसम साफ है और धूप खिली हुई है, मगर उमस का असर बना हुआ है। राज्य के अनेक हिस्सों में रविवार को धूल भरी आंधी चली तो बौछारें भी पड़ी, इसके चलते तापमान में गिरावट आई है, मगर उमस बढ़ गई है। वहीं बीतें 24 घंटों में सबसे गर्म दमोह, राजगढ़, गुना व श्योपुरकलां रहे, जहां तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में रीवा संभाग के अलावा छतरपुर, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, झाबुआ, अलीराजपुर, होशंगाबाद आदि स्थानों पर धूल भरी आंधी व बौछारें पड़ सकती है तो ग्वालियर, चंबल संभाग के अतिरिक्त भोपाल, सागर, राजगढ़, शाजापुर आदि स्थानों पर लू चल सकती है।
राज्य में मौसम के बदले मिजाज से तापमान में गिरावट आई है। सोमवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 25.4 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 19.9 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं रविवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 39.5 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 42 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
dharmpath.com dharmpath