रिकॉर्ड 7वीं बार विश्व कप खिताब जीतना है लक्ष्य : लेनिंग (लीड-1)

सिडनी, 29 मई (आईएएनएस)। इस साल होने वाले महिला क्रिकेट विश्व कप में आस्ट्रेलियाई टीम की कमान संभालने वाली खिलाड़ी मेग लेनिंग ने अपने करियर में बहुत कुछ हासिल किया है, लेकिन उनका लक्ष्य इस टूर्नामेंट को जीतना है।

विश्व कप टूर्नामेंट में आस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड शानदार है। पिछले 10 टूर्नामेंटों में से छह पर टीम का कब्जा रहा है और अब इसे रिकॉर्ड सातवीं बार भी जीतना चाहती है।

वेबसाइट ‘ईएसपीएनक्रिकइन्फो डॉट कॉम’ की रिपोर्ट के अनुसार, एक कप्तान के तौर पर लेनिंग अपना पहला विश्व कप खेल रही हैं।

पिछली बार 2013 में हुए विश्व कप में जोडी फील्ड्स के नेतृत्व में आस्ट्रेलिया टीम ने अपना छठा खिताब जीता था। इस टीम में लेनिंग भी शामिल थीं।

इस बार की विश्व कप टीम की खिलाड़ी पिछला विश्व कप जीतने वाली खिलाड़ियों के साथ समय व्यतीत करेंगी, ताकि वह आगामी टूर्नामेंट के लिए अपनी तैयारियों को मजबूत कर सकें।

लेनिंग ने कहा, “देश के लिए पिछली बार विश्व कप जीतने वाली खिलाड़ियों से सीखने का यह शानदार मौका है। हमारे लिए विश्व कप अन्य टूर्नामेंटों से कई अधिक खास है।”

लेनिंग ने कहा, “हम जानते हैं कि इस बार विश्व कप के खिताब तक पहुंचना हमारे लिए बहुत मुश्किल होने वाला है। हालांकि, हमें इस टूर्नामेंट की शुरुआत का इंतजार है और इसके लिए टीम की सभी खिलाड़ी बेहद उत्साहित हैं।”

उल्लेखनीय है कि आस्ट्रेलिया ने 1978, 1982, 1988, 1997, 2005 और 2013 में विश्व कप खिताब पर कब्जा जमाया है। इसके अलावा, इंग्लैंड तीन बार (1973, 1993 और 2009) और न्यूजीलैंड (2000) ने केवल एक बार इस टूर्नामेंट को जीता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493