भोपाल, 29 मई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता अपने विधानसभा क्षेत्र भोपाल के दक्षिण-पश्चिम के अंतर्गत आने वाले जे.पी. अस्पताल और काटजू अस्पताल के बाहर हर सोमवार को चौपाल लगाकर मरीजों की समस्याएं सुनते हैं। इस बार भी उन्होंने चौपाल लगाई।
मंत्री को हर बार नई-नई समस्याएं सुनने को मिलती हैं। वे मौके पर इन समस्याओं के निदान के निर्देश देते हैं।
राजस्व मंत्री गुप्ता ने सोमवार को सुबह काटजू और ज़े पी़ अस्पताल के बाहर टेबल लगाकर बैठे, जहां मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ जमा हो गई और सभी ने अपनी समस्याएं सुनाईं। मरीजों और उनके परिजनों ने दवा, चिकित्सक, बिजली और पार्किंग वसूली को लेकर समस्या बताई तो उन्होंने भरोसा दिलाया कि अस्पताल की समस्याओं के निराकरण के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री के साथ बैठक करेंगे।
गुप्ता ने ज़े पी़ अस्पताल में पार्किं ग शुल्क नगर निगम द्वारा निर्धारित दर अनुसार लेने के निर्देश दिए। मरीजों ने अधिक शुल्क वसूलने की शिकायत की थी। वहीं काटजू अस्पताल में मरीजों ने बिजली की समस्या का जिक्र किया। गर्मी में बिजली व्यवस्था में गड़बड़ी से सभी को परेशानी उठाना पड़ती है। मंत्री ने बिजली व्यवस्था ठीक करवाने के निर्देश दिए।
dharmpath.com dharmpath