नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। मणिपुर की राज्यपाल नजमा हेपतुल्ला को सर्वसम्मति से जामिया मिलिया इस्लामिया का कुलाधिपति (अमीर-ए-जामिया) नियुक्त किया गया है। पांच वर्षों के लिए यह नियुक्ति 25 मई को एक विशेष बैठक के दौरान युनिवर्सिटी कोर्ट ने की। युनिवर्सिटी ने एक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी।
जामिया मिलिया ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “हेपतुल्ला ने लेफ्टिनेंट जनरल एम.ए.जकी (सेवानिवृत्त) की जगह ली है, जिनका पांच वर्षो का कार्यकाल पूरा हो चुका है। हेपतुल्ला का कार्यकाल 26 मई से प्रभाव में आया।”
भारत के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की नातिन नजमा हेपतुल्ला सन् 1986 से लेकर 2012 तक राज्यसभा की पांच बार सदस्य रह चुकी हैं, साथ ही वह राज्यसभा की उप सभापति भी रह चुकी हैं। नरेंद्र मोदी की सरकार में वह मंत्री भी रहीं।
dharmpath.com dharmpath