पटना, 30 मई (आईएएनएस)। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने यहां मंगलवार को 12वीं (इंटर) के तीनों संकाय विज्ञान, कला और वाणिज्य के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए। इस साल पिछले वर्ष की तुलना में तीनों संकायों के नतीजे निराशाजनक रहे हैं। विज्ञान संकाय में खुशबू 86 प्रतिशत अंक के साथटॉपर रही।
इस वर्ष इस परीक्षा में 12.61 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इस वर्ष तीनों संकाय के परिणामों में पिछले साल के मुकाबले भारी गिरावट दर्ज हुई है। विज्ञान संकाय में इस वर्ष 30.11 प्रतिशत परीक्षार्थी ही सफल हो सके, वहीं कला संकाय में 37.13 प्रतिशत परीक्षार्थी सफलता पा सके। जबकि वाणिज्य संकाय में 73.76 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल रहे।
विज्ञान संकाय में 86 प्रतिशत अंक के साथ खुशबू कुमारी (सिमुलतला आवासीय विद्यालय, जमुई), जबकि वाणिज्य संकाय में प्रियांशु जयसवाल (कॉलेज ऑफ कॉमर्स, पटना) राज्य टॉपर रहे। प्रियांशु ने 81.60 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। कला संकाय में राजकीय आर.एन.एस़ उत्क्रमित मध्य विद्यालय, चकारी, समस्तीपुर के छात्र गणेश टॉपर रहे, जिन्होंने 82.69 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
पिछले वर्ष विज्ञान संकाय में जहां 66.16 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल रहे थे, वाणिज्य संकाय में 79.37 प्रतिशत तथा कला संकाय में 55.62 प्रतिशत ही सफल रहे थे। वर्ष 2015 की बात करें तो उस वर्ष विज्ञान संकाय में 88.64 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने सफलता पाई थी, जबकि कला संकाय में 85.54 प्रतिशत व वाणिज्य संकाय में 89.85 प्रतिशत छात्र सफल हुए थे।
परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने परीक्षा परिणाम जारी करते हुए बताया कि परिणाम प्रकाशित करने से पहले काफी सावधानी बरती गई है और इस वर्ष परीक्षा में नकल रोकने को लेकर भी काफी सावधानियां बरती गई थी।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष इंटर और मैट्रिक के टॉप तीन में आने वाले टॉपर को एक-एक लाख रुपये की इनाम की राशि के अलावा लैपटॉप और ई-रीडर भी दिए जाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा दूसरे टॉपर को 75 हजार रुपये तथा तीसरे टॉपर को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इंटर के शीर्ष चौथे से दसवें स्थान तक के टॉपर को 15-15 हजार रुपये दिए जाएंगे। टॉप-10 के सभी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप दिया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष इंटर टॉपर्स को लेकर एक बड़ा घोटाला सामने आया था। इसके बाद इस घोटाले में संलिप्त रहने के आरोप में समिति के तत्कालीन अध्यक्ष और सचिव सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था और बिहार की देशभर में किरकिरी हुई थी।
dharmpath.com dharmpath