ओडिशा : बीजद सांसद पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने अंडे फेंके

भुवनेश्वर, 30 मई (आईएएनएस)। ओडिशा में सत्ताधारी बीजू जनता दल (बीजद) के सांसद बैजयंत पांडा को मंगलवार को उस वक्त शर्मिदगी का सामना करना पड़ा, जब उनके निर्वाचन क्षेत्र केंद्रापाड़ा में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन पर अंडे फेंके। उन्होंने इस हमले को महत्व न देते हुए कहा कि उन्हें गोलियों का सामना करने से भी भय नहीं है।

बीजद सांसद पर उस वक्त हमला हुआ, जब वे माहंगा के निकट रहानिया पंचायत के तहत जातिपारिलो गांव में पानी की टंकी का उद्घाटन कर रहे थे।

सांसद ने ट्वीट कर कहा कि उन्हें पत्थरों और अंडों का डर नहीं है।

पांडा ने ट्वीट किया, “पत्थर और अंडों को छोड़िए, गोलियों के बल पर भी वे मुझे नहीं दबा सकते।”

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजद में पार्टी के मुद्दों पर फैसला नौकरशाह ले रहे हैं।

पांडा ने संवाददाताओं से कहा, “मैं पार्टी की स्थापना के समय से ही इसमें हूं। शुरुआती 17 वर्षो के दौरान हुड़दंगियों व अंदरूनी कलह फैलाने वाले लोगों को रोकने के लिए हमारे पास एक नीति थी। लेकिन, पिछले तीन वर्षो में कई चीजें बदल गईं। एयरकंडीशन कमरों में बैठने वाले कुछ बाबू पार्टी के फैसले कर रहे हैं, जिससे अनुशासनहीनता की घटनाएं सामने आ रही हैं।”

उन्होंने कहा, “ये अच्छे संकेत नहीं हैं। मैंने मामले से पार्टी प्रमुख (मुख्यमंत्री नवीन पटनायक) को अवगत करा दिया है। मुझे भरोसा है कि जब उन्हें सच्चाई का पता चलेगा, तो वह जरूर कदम उठाएंगे।”

बीजद के प्रवक्ता तथा सहकारिता मंत्री सूर्यनारायण पात्रो ने हालांकि पांडा के आरोपों को खारिज किया।

पात्रो ने कहा, “पार्टी की गतिविधियों पर फैसला अधिकारी नहीं, बल्कि पार्टी अध्यक्ष तथा जिला स्तरीय नेता लेते हैं। वह जो भी कह रहे हैं, वह उनका निजी विचार हो सकता है।”

पांडा पर हमले की साजिश रचने में स्वास्थ्य मंत्री व माहंगा से विधायक प्रताप जेना का नाम सामने आया है लेकिन उन्होंने घटना में अपने समर्थकों के शामिल होने के आरोपों को खारिज किया है।

जेना ने कहा, “मैं सांई बाबा के दर्शन के लिए शिरडी में हूं। मुझे विवाद और उससे संबंधित घटनाक्रम के बारे में नहीं पता। ओडिशा लौटने के बाद मैं प्रतिक्रिया दूंगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493