भोपाल, 30 मई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश सरकार ने अन्य विभागों में प्रतिनियुक्ति पर गए स्कूल शिक्षा विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों की सेवाएं विभाग में वापस ले ली हैं।
आधिकारिक तौर पर मंगलवार को जारी बयान के मुताबिक, राज्य शासन द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग के शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय अधिकारी-कर्मचारी, जो अन्य विभाग में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ हैं तथा उनकी प्रतिनियुक्ति अवधि समाप्त हो गई है, उनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से वापस ले ली गई हैं। यह आदेश स्कूल शिक्षा विभाग के अधीन आने वाले निगम या मंडल में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ अधिकारी-कर्मचारी पर लागू नहीं होगा।
शासन ने विभिन्न कार्यालयों में संलग्न अधिकारी व कर्मचारी को अपनी मूल संस्था या कार्यालय में बुधवार तक उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश भी दिए हैं। ऐसे अधिकारियों-कर्मचारियों का वेतन उनकी मूल संस्था में उपस्थित होने के बाद ही आहरित किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath