नई दिल्ली/श्रीनगर, 3 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कश्मीर में आतंकवाद के वित्तपोषण के संबध में शनिवार को श्रीनगर में 14 स्थानों पर जबकि दिल्ली में आठ स्थानों पर छापेमारी की।
यह छापेमारी तीन अलगाववादी नेताओं तहरीक-ए-हुर्रियत नेता गाजी जावेद बाबा, जम्मू एंड कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) नेता फारुख अहमद डार उर्फ बिट्टा कराते और हुर्रियत नेता नईम खान के ठिकानों पर की गई।
इंडिया टुडे चैनल पर प्रचारित वीडियो में इन तीनों ने कश्मीर में तनाव बढ़ाने के लिए पाकिस्तान से धन लेने की बात स्वीकार कर ली है।
अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली में भी कई स्थानों पर छापेमारी की गई जिसमें चांदनी चौक और बल्लीमारान भी शामिल है।
हुर्रियत अध्यक्ष सैयद अली गिलानी और उनके साथी हुर्रियत प्रांतीय अध्यक्ष नईम खान, डार और बाबा के खिलाफ प्राथमिक जांच के मद्देनजर यह छापेमारी की गई।
अलगाववादी नेता ने एक स्टिंग ऑपरेशन में यह स्वीकार किया है कि उन्होंने बल्लीमारान और चांदन चौक के बिचौलियों के जरिए पाकिस्तान से पैसा लिया है।
एक वरिष्ठ एनआईए अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “एलईटी प्रमुख हाफिज सईद और पाकिस्तान स्थित अन्य आतंकवादी संगठनों के खिलाफ प्राथमिक जांच को प्राथमिकी में तब्दील किया गया है।”
हालांकि, इस एफआईआर में किसी भी अलगाववादी नेता का नाम नहीं है।
इंडिया टुडे के 16 मई को दिखाए स्टिंग ऑपरेशन में अलगाववादी नेता को कथित तौर पर एक रिपोर्टर को यह बताते हुए देखा जा सकता है कि उन्होंने हवाला के जरिए पाकिस्तान से पैसा लिया है।
एनआईए ने पूछताछ के लिए इन तीनों को पहले दिल्ली भी बुलाया था।
एनआईए ने 20 मई को 13 आरोपियों की जानकारियां इकट्ठा की थी और कश्मीर में स्कूलों और सार्वजनिक संपत्तियों में आगजनी करने वालों के खिलाफ आरोपपत्र भी दायर किया था।
पुलिस का कहना है कि छापेमारी अभी जारी है।
dharmpath.com dharmpath