शिवराज के आश्वासन के बाद भी किसानों का आंदोलन जारी

भोपाल/रतलाम, 5 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आठ रुपये किलो प्याज और मूंग को समर्थन मूल्य पर खरीदने के आश्वासन दिए जाने के बावजूद किसानों का आंदोलन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। आंदोलन के पांचवें दिन भी कई स्थानों पर किसान सड़कों पर हैं।

रतलाम में रविवार की रात किसानों ने जमकर पथराव व आगजनी की, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

मुख्यमंत्री चौहान ने रविवार को उज्जैन में भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर किसानों की कई मांगों को मान लिया था, जिसमें प्याज को आठ रुपये प्रति किलो की दर से खरीदने, मंडी में उपज का 50 प्रतिशत नगद भुगतान व शेष बैंक में जमा कराने और मूंग को समर्थन मूल्य पर खरीदने का आश्वासन दिया गया था। इन आश्वासन पर संघ ने हड़ताल स्थगित कर दी, मगर शेष संगठन अब भी हड़ताल पर डटे हुए है।

भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश महामंत्री अनिल यादव ने एक ऑडियो जारी कर किसानों से कहा कि किसान संघ ने धोखा दिया है। हड़ताल तब तक जारी रहेगी जब तक उनकी मांग नहीं मानी जाती। कर्ज माफी और फसल के वाजिब दाम उनकी प्रमुख मांग है।

किसानों ने सोमवार की सुबह से सड़कों पर उतरकर अपना विरोध जारी रखा। कई जगह गांव से दूध और सब्जियों को मंडी तक आने नहीं दिया जा रहा है। राजधानी में सांची दूध के फुल क्रीम दूध की आपूर्ति बंद कर दी गई है। वहीं इंदौर में भी दूध की किल्लत बनी हुई है। इसी तरह झाबुआ, धार, शाजापुर, सीहोर, हरदा आदि स्थानों पर प्रदर्शन का दौर जारी है। हरदा में तो किसानों ने मुंडन तक करवा लिया है।

राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ ने भी किसान आंदोलन का समर्थन करते हुए सोमवार को रैली निकाली है। इस रैली को संघ के अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि किसान आंदोलन 10 जून तक जारी रहेगा।

वहीं रविवार की रात को रतलाम में किसान हिंसक हो गए थे। डेलनपुर में किसानों ने प्रदर्शन किया, जिस पर पुलिस ने लाठीचार्ज व आंसूगैस के गोले छोड़े, जिसके बाद किसानों ने पथराव शुरू कर दिया। इस पथराव में एक सहायक उपनिरीक्षक पवन यादव की आंख में गंभीर चोट आई है। वहीं चार वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493