रांची में पारा 43 डिग्री, 50 वर्षो का रिकॉर्ड टूटा

रांची, 5 जून (आईएएनएस)। रांची में रविवार को 43 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो पिछले 50 सालों में सर्वाधिक है।

रांची के मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “जून 1996 में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था और इस साल चार जून को पारा 43 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। पिछले 50 सालों में यह सर्वोच्च तापमान है।”

रांची में जून के महीने में 2014 में तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस, 2015 में 41 डिग्री सेल्सियस और 2016 में 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

इस साल शहर में रोजाना 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तापमान बना हुआ है।

रांची के निवासी सुमन कुमार (47) ने कहा, “हमने पहले कभी रांची में इतनी गर्मी नहीं देखी। उच्च तापमान के बाद शहर में शाम को बारिश होती थी। इस साल पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और यह लागातार 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज हो रहा है।”

पर्यावरणविदों के अनुसार, बढ़ती आबादी, वाहनों की संख्या में वृद्धि और जंगलों और पेड़ों की कटाई के कारण रांची का तापमान बढ़ रहा है।

मौसम विभाग का कहना है कि मानसून के आने तक गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं।

चार जून को गरवाह जिले में अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री और पलामू में 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493