चेन्नई, 5 जून (आईएएनएस)। रजनीकांत की तमिल फिल्म ‘काला’ के निर्माताओं ने मलयालम फिल्मों के मेगास्टार ममूटी के इस फिल्म में शामिल होने की अफवाहों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं की है।
इस फिल्म के निर्देशक पा. रंजीत और निर्माता धुनष हैं।
सोशल मीडिया पर ऐसी अफवाहें हैं किममूटी को फिल्म में बी.आर.अंबेडकर जैसी भूमिका निभाने के लिए अनुबंधित किया गया है।
रपटों पर प्रतिक्रिया जताते हुए फिल्म से जुड़े एक सूत्र ने आईएएनएस से कहा, “मैं इस बारे में बात करने को लेकर स्वतंत्र नहीं हूं। यह बेहतर रहेगा कि इस पर निर्माता ही टिप्पणी दें।”
फिल्म में रजनीकांत को झुग्गी बस्ती से गैंगस्टर बनने के किरदार में दिखाया जाएगा।
इस फिल्म में हुमा कुरैशी, नाना पाटेकर, अंजलि पाटील, समुथिरकानी, पंकज त्रिपाठी प्रमुख भूमिकाएं निभा रहे हैं।
इस फिल्म के जरिए रंजीत और रजनीकांत की जोड़ी एक बार फिर पर्दे पर दिखाई देगी, जो इससे पहले ‘कबाली’ में एक साथ काम कर चुके हैं।
इस बीच शूटिंग की कई तस्वीरें हर रोज फिल्म के सेट से लीक हो रही हैं, जिसे रोकने के लिए निर्माताओं को बेहद मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है।
सूत्र ने कहा, “हम वर्तमान में मुंबई में शूटिंग कर रहे हैं, और अधिकांश शूटिंग स्टूडियो से बाहर हो रही है। सेट पर रजनी सर के साथ लोगों को तस्वीर लेने से रोकना बेहद मुश्किल होता है। प्रौद्योगिकी के कारण सैकड़ों मीटर की दूरी से भी स्पष्ट तस्वीरें ली जा सकती हैं।”
इस फिल्म का संगीत संतोष नारायण दे रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath