भोपाल, 5 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में जारी किसानों की हड़ताल के पीछे राजनीतिक हाथ होने के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आरोप पर कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि किसान आंदोलन पर मिथ्या आरोप लगाने के बजाय मुख्यमंत्री बिचौलियों से नहीं किसानों से संवाद करें।
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने अलग-अलग बयान जारी कर सरकार के रवैए की आलोचना की।
यादव ने कहा, “सरकार ने किसान संघ नामक फर्जी संस्था से समझौता कर लिया, दूसरी ओर किसान नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। सरकार आंदोलन को कुचलने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस पूरी तरह किसानों के साथ खड़ी है।”
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मुख्यमंत्री चौहान से कहा है कि वह किसान आंदोलन पर मिथ्या आरोप लगाने के बजाए आंदोलनरत किसानों से सीधी बात कर उनकी जायज मागों का समाधान करें।
सिंह ने कहा, “किसानों के मामलों में अगर उन्होंने (चौहान) कोई राजनीति की तो स्थिति गंभीर हो सकती है, जिसके जिम्मेदार मुख्यमंत्री होंगे।”
नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा, “मुख्यमंत्री किसानों के आक्रोश को देख कर घबरा गए हैं। इस आंदोलन से शिवराज सिंह चौहान का पिछले 10 सालों का झूठ बेनकाब हो गया है। मुख्यमंत्री किसानों से संवाद करने के बजाय भाजपा के पिट्ठू संगठन से चर्चा कर आंदोलन को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। वैसे तो वह जनता से सीधे संवाद का दावा करते हैं, लेकिन किसानों के मामले में बिचौलियों से क्यों चर्चा कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “आज पूरे प्रदेश में अगर किसान हिंसक हुए हैं तो इसके लिए मुख्यमंत्री ही जिम्मेदार हैं। उन्होंने (मुख्यमंत्री) किसान संघ के भरोसे रह कर स्थिति को बिगाड़ दिया, किसान संघ ऐसा संगठन है, जिसे किसानों का समर्थन ही हासिल नहीं है।”
dharmpath.com dharmpath