वाशिंगटन, 5 जून (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत निक्की हेली ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रूस की दखलंदाजी को लेकर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ‘चिंतित’ है और उसे यह जान लेना चाहिए कि अमेरिकी चुनाव में दखल देने के ‘परिणाम’ भुगतने पड़ सकते हैं।
हेली ने सीबीएस न्यूज के टीवी कार्यक्रम ‘फेस द नेशन’ में कहा, “मैं आपको बता सकती हूं कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय उनके सभी चुनावों में रूस के दखल को लेकर चिंतित है।”
हेली के मुताबिक, “लेकिन, वे कई कारणों से रूस को लेकर चिंतित हैं और इसलिए हम उन पर नजर बनाए रखेंगे..हम जब उनके साथ काम कर सकते हैं, तो उसकी कोशिश करते हैं। लेकिन, जब यह संभव नहीं होगा तो फिर हमें एक लाइन खींचनी होगी।”
हेली से जब पूछा गया कि रूस पर प्रतिबंध क्यों नहीं लगाया गया तो उन्होंने कहा कि अभी जांच की प्रक्रिया चल रही है और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में रूस के खिलाफ कदम उठाए गए हैं।
हेली ने कहा, “मैं आपको बता सकती हूं कि हमने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में रूस के खिलाफ कदम उठाए हैं। हम यूक्रेन के मामले में प्रतिबंध लगाने को लेकर दृढ़ रहे। (सीरिया के) असद प्रशासन के साथ सहयोग को लेकर हमने उनकी आलोचना की।”
हेली ने कहा, “साथ ही हम यह भी देखने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या सीरिया संघर्ष के निपटारे के लिए हम उनसे बात कर सकते हैं। हम उनके साथ आतंकवाद को रोकने पर काम कर रहे हैं, लेकिन अगर हम रूस को कुछ भी गलत करते देखते हैं, तो फिर हम उन्हें बताएंगे।”
हेली का कहना है कि रूस पर प्रतिबंध लगाने को लेकर कांग्रेस जो भी फैसला करेगी, वह उसका समर्थन करेंगी।
हेली ने लगातार मिसाइल परीक्षण करने को लेकर उत्तर कोरिया और अमेरिका के बीच बढ़ रहे तनाव के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया की स्थिति को लेकर तापमान अभी ‘अस्थिर’ है।
हेली के अनुसार, इस संबंध में चीन के साथ मिलकर काम किया गया है, चीन वास्तव में उत्तर कोरिया पर दबाव बनाने के पक्ष में था और सुरक्षा परिषद में भी बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षणों से संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं पर प्रतिबंध बढ़ाने के लिए मतदान हुआ।
dharmpath.com dharmpath