नई दिल्ली, 5 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देश का सबसे वजनी रॉकेट को सफलतापूर्वक प्रक्षेपित करने के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को बधाई दी।
इसरो ने सोमवार को सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के दूसरे लॉन्च पैड से अपराह्न 5.28 बजे संचार उपग्रह जीसैट-19 के साथ जीएसएलवी मार्क-3 का सफल प्रक्षेपण किया।
मुखर्जी ने इसरो के अध्यक्ष ए. एस. किरण कुमार को बधाई देते हुए कहा, “संचार उपग्रह जीसैट-19 के साथ स्वदेश निर्मित जीएसएलवी मार्क-3 का सफल प्रक्षेपण करने के लिए आपको और इसरो की पूरी टीम को मेरी ओर से हार्दिक बधाई।”
प्रधानमंत्री ने भी ट्वीट कर इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी।
उन्होंने ट्वीट किया, “जीएसएलवी मार्क-3 डी1/जीसैट-19 अभियान की सफलता ने भारत को नई पीढ़ी की रॉकेट प्रौद्योगिकी और उपग्रह क्षमता के करीब ला दिया है। पूरे देश को गर्व है।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “जीएसएलवी मार्क-3 डी1/जीसैट-19 अभियान के सफल प्रक्षेपण के लिए इसरो के समर्पित वैज्ञानिकों को बधाई।”
इसरो ने जीएसएलवी श्रृंखला के सबसे वजनी रॉकेट जीएसएलवी-3 को पहली बार प्रक्षेपित किया है, जो पूरी तरह सफल रहा।
dharmpath.com dharmpath