लखनऊ , 7 जून (आईएएनएस)। राज्य के कंप्यूटर अनुदेशकों ने पूर्ण शिक्षक का दर्जा पाने सहित कई अन्य मांगों को लेकर यहां बुधवार को माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। वे मुख्यमंत्री आवास का घेराव करना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
पुलिस के रोकने के बाद नाराज कंप्यूटर अनुदेशक सड़क पर धरने पर बैठ गए, जिससे जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने जब इन्हें हटाने की कोशिश की, तो अनुदेशकों ने हटने से मना कर दिया। इस दौरान पुलिस और कंप्यूटर अनुदेशकों के बीच झड़प भी हुई, जिसमें पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया।
कंप्यूटर अनुदेशक संघ के प्रदेश प्रवक्ता पुण्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश भर के कंप्यूटर अनुदेशक नौकरी सहित कई अन्य मांगों को लेकर प्रदेश सरकार और उनके अफसरों से बीते पांच सालों में कई बार मिल चुके हैं। लेकिन उन्हें हर बार सिर्फ आश्वासन देकर वापस कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि कंप्यूटर अनुदेशक को पूर्ण शिक्षक का दर्जा दिया जाए, मानदेय में बढ़ाया जाए, नई पोस्ट निकालकर खाली पदों को भरा जाए और निकाले गए कंप्यूटर अनुदेशकों की बहाली की जाए।
dharmpath.com dharmpath